कोलकाता, 29 अप्रैल (भाषा) कोलकाता की एंटाली विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल ने बुधवार को आरोप लगाया कि उन्होंने जब शहर के एक मतदान केंद्र के अंदर भीड़ और मतदाताओं के लिए निजता के अभाव का मुद्दा उठाया तो वहां मौजूद तृणमूल कांग्रेस के चुनाव एजेंट ने उन पर हमले की कोशिश की।
टिबरेवाल ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के कई चुनाव एजेंट इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के बेहद करीब बैठे हुए थे और मतदाता गोपनीय तरीके से अपना वोट नहीं डाल पा रहे थे।
भाजपा उम्मीदवार ने कहा, “जिस छोटे से कमरे में मतदान हो रहा था, वहां तृणमूल के छह चुनाव एजेंट, जबकि भाजपा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवार के एक-एक चुनाव एजेंट मौजूद थे। कमरे में पांच मतदान कर्मचारी भी मौजूद थे, जिससे वहां बहुत भीड़ नजर आ रही थी। वे लगभग ईवीएम के सामने ही बैठे थे और मतदाताओं के लिए कोई निजता नहीं थी।”
टिबरेवाल के मुताबिक, उन्होंने केंद्रीय बलों और पीठासीन अधिकारी से शिकायत की, जिसके बाद चुनाव एजेंट से बाहर जाने के लिए कहा गया।
उन्होंने आरोप लगाया, “हालांकि, तृणमूल कांग्रेस के एजेंट बाहर नहीं गए और मुझ पर हमले की कोशिश की।”
भाषा पारुल माधव
माधव