मणिपुर के उखरुल में संदिग्ध उग्रवादियों की गोलीबारी में ट्रक चालक की मौत
मणिपुर के उखरुल में संदिग्ध उग्रवादियों की गोलीबारी में ट्रक चालक की मौत
इंफाल, 29 मई (भाषा) मणिपुर के उखरुल जिले में शुक्रवार को संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा वाहनों के काफिले पर गोलीबारी करने से एक ट्रक चालक की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और पुलिस समेत सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम लगभग 15 से 20 वाणिज्यिक ट्रकों को उखरुल जिले की ओर ले जा रही थी, तभी टीएम कासोम के निकट संदिग्ध उग्रवादियों ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।’’
उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने भी जवाबी गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि यह घटना शांगकाई गांव से लगभग छह किलोमीटर दूर हुई, जहां प्रदर्शनकारियों ने सड़कों को अवरुद्ध कर दिया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों को शुक्रवार सुबह प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े।
मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने बुधवार को ‘मणिपुर ट्रक ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन’ के प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी और इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों पर कानून-व्यवस्था की स्थिति और वाहनों की सुरक्षित आवाजाही पर चर्चा की गई थी।
भाषा
देवेंद्र मनीषा
मनीषा

Facebook


