हिमाचल के किन्नौर में पुल ढहने से ट्रक सतलुज नदी में गिरा, चालक बाल-बाल बचा

हिमाचल के किन्नौर में पुल ढहने से ट्रक सतलुज नदी में गिरा, चालक बाल-बाल बचा

हिमाचल के किन्नौर में पुल ढहने से ट्रक सतलुज नदी में गिरा, चालक बाल-बाल बचा
Modified Date: June 23, 2026 / 06:34 pm IST
Published Date: June 23, 2026 6:34 pm IST

शिमला, 23 जून (भाषा) हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में मंगलवार को लोहे का एक अस्थायी पुल ढह गया जिससे उसे पार कर रहा एक ट्रक सतलुज नदी में गिर गया। इस हादसे में ट्रक चालक मामूली चोटों के साथ बाल-बाल बच गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-पांच (पुराना हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग) पर रिकांगपिओ और टापरी के बीच ऊर्नी ढांक के पास उस समय हुई, जब ट्रक पुल से गुजर रहा था।

जब वाहन दूसरे छोर पर पहुंचने ही वाला था तभी पुल अचानक ढह गया।

अधिकारियों के मुताबिक, यह सड़क लाहौल और स्पीति को किन्नौर जिले से जोड़ती है। हालांकि, क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही प्रभावित नहीं हुई है क्योंकि एक वैकल्पिक मार्ग खुला हुआ है। उन्होंने बताया कि पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, चालक को मामूली चोटें आई हैं।

अधिकारियों ने बताया कि ट्रक में क्षमता से अधिक सामान लदा हुआ था।

इस बीच, पुल ढहने के वीडियो सोशल मीडिया पर काफी प्रसारित हो रहे हैं।

भाषा सुमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में