नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) लंदन और अमृतसर जाने वाले एअर इंडिया के दो विमान तकनीकी समस्या के कारण बृहस्पतिवार को दिल्ली हवाई अड्डे पर उड़ान नहीं भर सके। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
लंदन के लिए उड़ान भरने वाला एअर इंडिया का बोइंग 787-9 विमान तकनीकी समस्या के कारण दिल्ली हवाई अड्डे पर उड़ान नहीं भर सका। इसी तरह, अमृतसर जाने वाला एअर इंडिया का ए321 विमान भी तकनीकी समस्या के कारण राष्ट्रीय राजधानी से उड़ान नहीं भर सका।
एयरलाइन के प्रवक्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को एक बयान में बताया, ‘‘31 जुलाई को दिल्ली से लंदन जाने वाली ‘एआई2017’ संदिग्ध तकनीकी समस्या के कारण उड़ान नहीं भर सकी। चालक दल के सदस्यों ने मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए उड़ान नहीं भरने का फैसला किया और विमान को एहतियाती जांच के लिए वापस लाया गया।’’
एक सूत्र ने बताया कि उड़ान का संचालन बोइंग 787-9 विमान से किया जाना था।
बयान में कहा गया है, ‘‘यात्रियों को जल्द से जल्द लंदन ले जाने के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की जा रही है। हमारे कर्मचारी इस अप्रत्याशित देरी के कारण होने वाली असुविधा को कम करने के लिए यात्रियों को हर संभव सहायता और देखभाल प्रदान कर रहे हैं।’’
हालांकि, एयरलाइन ने अमृतसर जाने वाली ‘एआई461’ उड़ान को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
दोनों उड़ानों में सवार यात्रियों की संख्या के बारे में विवरण तुरंत पता नहीं चल सका।
हाल के हफ्तों में, एअर इंडिया के विमानों से जुड़े कई मुद्दे सामने आए हैं और एयरलाइन, खासकर विमान दुर्घटना के बाद, नियामकीय जांच के दायरे में भी आ गई है।
बारह जून को, लंदन गैटविक जा रहा एअर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद एक इमारत से टकरा गया था, जिसमें 260 लोग मारे गए थे।
भाषा शफीक देवेंद्र
देवेंद्र