नयी दिल्ली, छह जुलाई (भाषा) मध्य दिल्ली में ऑटो में सवारियों को नशीली दवा मिला शीतल पेय पिलाकर उन्हें लूटने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
ये गिरफ्तारियां 27 जून को दर्ज किए गए मामले के संबंध में की गईं। इस मामले में एक व्यक्ति को नशीला पदार्थ मिला शीतल पेय पिलाकर बेहोश करने के बाद कथित तौर पर लूट लिया गया था।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित एक अज्ञात व्यक्ति के बहकावे में आकर नारायणा रोड पर जानकी दास बस स्टैंड से एक शेयरिंग ऑटो-रिक्शा में सवार हुआ था। यात्रा के दौरान, आरोपी का दूसरा साथी ऑटो में सवार हो गया और कथित तौर पर पीड़ित को नशीला पदार्थ मिला शीतल पेय पीने को दिया।
अधिकारी ने कहा, ‘शीतल पेय पीने के बाद, पीड़ित बेहोश हो गया, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसका मोबाइल फोन, लगभग 15,000 रुपये नकद, एक बैग और अन्य सामान चुरा लिया और उसे एक सुनसान स्थान पर छोड़ दिया।’
जांचकर्ताओं ने तकनीकी निगरानी और क्षेत्र में पूछताछ करने के अलावा, जानकी दास बस स्टैंड, शादीपुर फ्लाईओवर, पटेल रोड, मोती नगर और कीर्ति नगर सहित कई स्थानों की सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया।
इस कवायद से ऑटो-रिक्शा और उसके चालक राज कुमार उर्फ राज की पहचान हो गई। उन्होंने बताया कि उससे पूछताछ पर उसके सहयोगी कासिम उर्फ सलमान को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान, कासिम ने कथित तौर पर खुलासा किया कि दोनों ने अकेली सवारियों, मजदूरों और सामान ले जा रहे दिहाड़ी मजदूरों को निशाना बनाया।
पुलिस ने कहा कि वे पीड़ितों का विश्वास जीतते थे, उन्हें ‘एटीवन’ (नींद की गोलियां) मिला शीतल पेय पीने को देते और उनके बेहोश होने के बाद उन्हें लूट लेते थे और सूनसान जगह पर छोड़ देते थे।
अधिकारी ने कहा, ‘अपराध में इस्तेमाल किया गया ऑटो-रिक्शा, पीड़ित का मोबाइल फोन, एक अन्य मोबाइल, 9,000 रुपये नकद, एक बैग और अन्य सामान उनके कब्जे से बरामद किए गए।’
पुलिस ने कहा कि आरोपियों और बरामद सामान के रिकॉर्ड का सत्यापन करने पर पता चला है कि पश्चिम विहार पूर्व तथा नारायणा थानों में दर्ज इस तरह के दो मामलों में भी उनकी संलिप्तता है।
पुलिस ने कहा कि कासिम एक आदतन अपराधी है, जिसपर पहले भी कई मामले दर्ज हैं।
भाषा नोमान नोमान सुरेश
सुरेश