दिल्ली निवासी से 1.14 लाख रुपये की ठगी के मामले में मेवात से दो लोग गिरफ्तार

Ads

दिल्ली निवासी से 1.14 लाख रुपये की ठगी के मामले में मेवात से दो लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 09:26 PM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 09:26 PM IST

नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के एक व्यक्ति से 1.14 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी मेवात निवासी मनोज (22) और यश सैनी (23) को 22 जुलाई को फिरोजपुर झिरका से गिरफ्तार किया गया। मनोज साइबर ठगों को सिम कार्ड उपलब्ध कराने में शामिल था।

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता को मनोज नामक व्यक्ति से संदेश मिला कि उसके परिवार का एक सदस्य अस्पताल में भर्ती है और वह अस्पताल के बैंक खाते में पैसे भेज रहा था जो गलती से उसके खाते में चले गए हैं।

शिकायतकर्ता को बैंक से राशि उसके खाते में जमा करने संबंधी सूचना भी मिली। उसके बाद दावे पर यकीन करते हुए उसने जालसाज द्वारा साझा किए गए क्यूआर कोड का उपयोग करके 1.14 लाख रुपये वापस स्थानांतरित कर दिए। मगर बाद में उसे एहसास हुआ कि उसके साथ धोखा हुआ है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया और जांच के दौरान पुलिस ने पता लगाया कि संबंधित सिम कार्ड मनोज के नाम पर ही पंजीकृत है और उसे पकड़ लिया गया।

उनके मुताबिक, उसने कबूल किया कि वह पैसे के लिए अपने सिम कार्ड ठगों को बेचता था। उसने बताया कि वह यश सैनी को 10-15 सिम कार्ड बेच चुका है।

पुलिस ने कहा कि अन्य सदस्यों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।

भाषा नोमान नोमान नेत्रपाल

नेत्रपाल