बागलकोट (कर्नाटक), 22 फरवरी (भाषा) कर्नाटक के बागलकोट में शिवाजी जयंती पर शोभायात्रा के दौरान हुई सांप्रदायिक झड़पों के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
किला ओनी इलाके में शोभायात्रा के दौरान कथित तौर पर पथराव की घटना के बाद प्राथमिकी दर्ज की गयी थी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘वीडियो फुटेज और फोटोग्राफिक साक्ष्यों के आधार पर हमने पथराव के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।’’
पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ हिंसा भड़काने की कोशिश करने, पुलिसकर्मियों को उनके कर्तव्यों का निर्वहन करने से रोकने और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।’’
शहर में बृहस्पतिवार को किला ओनी इलाके में एक मस्जिद के पास शिवाजी जयंती की शोभायात्रा पर पत्थर और चप्पलें फेंके जाने के बाद सांप्रदायिक झड़पें हुई थीं।
इस बीच, पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अशांति को रोकने के लिए एहतियाती उपाय के तौर पर श्री राम सेना के प्रमुख प्रमोद मुतालिक और हिंदू कार्यकर्ता पुनीत केरेहल्ली पर प्रतिबंध लगाए गए हैं।
बागलकोट पहुंचे मुतालिक ने अपने ऊपर लगाए गए प्रतिबंधों की निंदा करते हुए कहा कि देश को एकजुट करने वालों को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में लिप्त लोगों और समाज में दरार पैदा करने वालों को संरक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उनके संगठन ने सोमवार को एक कार्यक्रम आयोजित किया है जिसमें वह हर हाल में भाग लेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं कार्यक्रम में भाग लूंगा। पुलिस चाहे तो मुझे गिरफ्तार कर ले।’’
भाषा गोला सिम्मी
सिम्मी