प्रधानमंत्री के मेरठ दौरे से पहले किसान नेता को घर में नजरबंद करने का दावा, पुलिस का इनकार

Ads

प्रधानमंत्री के मेरठ दौरे से पहले किसान नेता को घर में नजरबंद करने का दावा, पुलिस का इनकार

  •  
  • Publish Date - February 22, 2026 / 01:30 PM IST,
    Updated On - February 22, 2026 / 01:30 PM IST

गाजियाबाद (उप्र), 22 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रविवार को मेरठ में रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) के एक हिस्से का उद्घाटन करने के लिए आने से पहले शनिवार शाम को यहां ट्रॉनिका सिटी में पुलिस ने एक किसान नेता को कथित तौर पर घर में नजरबंद कर दिया। किसान नेता के समर्थकों ने यह आरोप लगाया।

कथित नजरबंदी के बाद स्थानीय किसानों ने प्रदर्शन किया। हालांकि पुलिस ने किसान नेता को नजरबंद किए जाने से इनकार किया है।

रिजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) के एक महत्वपूर्ण हिस्से का उद्घाटन प्रधानमंत्री ने रविवार को मेरठ में किया। मेरठ गाजियाबाद से लगभग 50 किलोमीटर दूर है।

नीरज त्यागी के समर्थकों के मुताबिक किसान नेता को शनिवार रात करीब आठ बजे उनके घर में नजरबंद कर दिया गया। त्यागी के द्वारा मीडिया के साथ साझा की गई तस्वीरों में कथित तौर पर एक दारोगा और दो अन्य पुलिसकर्मी उनके घर में नजर आ रहे हैं।

हालांकि लोनी क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त सिद्धार्थ गौतम ने त्यागी को नजरबंद किए जाने की बात से इनकार किया। उन्होंने कहा, ‘‘त्यागी को हिरासत में नहीं रखा गया है। पुलिसकर्मी उनसे मिलने गए होंगे।’’

त्यागी पिछले कई साल से उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद द्वारा छह गांवों में अधिगृहित जमीन के लिए ज्यादा मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

किसानों ने आरोप लगाया कि दो दिन पहले गाजियाबाद जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने जब प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से मुलाकात की तो त्यागी उनसे उलझ गए और मुआवजे के मुद्दे पर किसी भी समझौते से इनकार कर दिया।

भाषा सं. सलीम सुरभि

सुरभि