श्रीनगर, 28 मई (भाषा) अनंतनाग जिले में सुरक्षा बलों ने इस महीने की शुरुआत में पहलगाम में एक आतंकवादी हमले के मामले में दो ‘हाइब्रिड’ आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। इस हमले में एक पर्यटक जोड़ा घायल हो गया था। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में एक की पहचान वसीम अहमद शाह और दूसरे की अदनान अहमद बेग के रूप में हुई है और दोनों अनंतनाग के रहने वाले हैं।
अधिकारियों ने कहा कि उनके कब्जे से एक पिस्तौल, एक मैगजीन, आठ कारतूस, एक ग्रेनेड और 120 एके कारतूस बरामद किए गए।
अधिकारियों ने कहा, ‘सुरक्षा बलों ने दो ‘हाइब्रिड’ आतंकवादियों को गिरफ्तार करके पहलगाम आतंकी हमले को सुलझा लिया।’
राजस्थान के जयपुर के रहने वाले एक पर्यटक जोड़े को पहलगाम में एक पर्यटक स्थल पर आतंकवादियों ने 18 मई को गोली मार दी थी।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश