आईपीएल मैच देखकर लौट रहे रिश्ते के दो भाइयों की संसद मार्ग इलाके में सड़क हादसे में मौत

Ads

आईपीएल मैच देखकर लौट रहे रिश्ते के दो भाइयों की संसद मार्ग इलाके में सड़क हादसे में मौत

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 09:24 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 09:24 PM IST

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) आईपीएल मैच देखकर बाइक से लौट रहे दो व्यक्तियों को दिल्ली के संसद मार्ग इलाके में अशोक रोड पर एक ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे उनकी मौत हो गई। वे आपस में रिश्ते के भाई थे। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे हादसे के संबंध में एक पीसीआर कॉल आई, जिसके बाद पुलिस टीम पीएनबी कॉम्प्लेक्स के सामने घटनास्थल पर पहुंची। वहां पहुंचने पर अधिकारियों ने दो व्यक्तियों को सड़क पर अचेत अवस्था में पाया।

नयी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सचिन शर्मा ने बताया कि उन्हें तत्काल राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान बाद में बीएससी छात्र यज्ञ भाटिया (20) और 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले अभव भाटिया (14) के रूप में हुई। दोनों अशोक नगर के रहने वाले थे।

पुलिस के मुताबिक, दोनों दिल्ली और बेंगलुरु के बीच आईपीएल मैच देखकर मोटरसाइकिल से लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। ट्रक चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया, जिससे यह ‘हिट-एंड-रन’ का मामला बन गया।

पुलिस ने बताया कि यात्रा के दौरान नाबालिग लड़के को उसके पिता का फोन आया था और उसने पिता से कहा था कि वे लगभग आधे घंटे में घर पहुंच जाएंगे। कुछ ही क्षणों बाद दुर्घटना हो गई।

पीड़ितों के चाचा ने पीटीआई-भाषा से कहा, “नाबालिग लड़का अपने पिता से फोन पर बात कर रहा था और अचानक फोन उसके हाथ से फिसल गया और वह चुप हो गया। किसी और ने फोन उठाया और परिवार को दुर्घटना की सूचना दी।”

उन्होंने कहा कि वे आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई चाहते हैं।

राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद की, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

जिला अपराध टीम को मौके पर बुलाया गया और साक्ष्य एकत्र करने के लिए घटनास्थल की फोरेंसिक जांच की गई। चश्मदीदों के बयान के आधार पर कानून की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

बाद में उस ट्रक का पता यमुना पार में चला। चालक ट्रक को उसके मालिक के पास छोड़कर चला गया। पुलिस ने बताया कि मलबे से लदे वाहन को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

भाषा नोमान नोमान रंजन

रंजन