बिजली का करंट लगने से हुई हाथी की मौत के मामले में दो किसान गिरफ्तार

Ads

बिजली का करंट लगने से हुई हाथी की मौत के मामले में दो किसान गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - October 2, 2025 / 07:39 PM IST,
    Updated On - October 2, 2025 / 07:39 PM IST

हरिद्वार, दो अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड में हरिद्वार वन प्रभाग की खानपुर रेंज के रायघाटी क्षेत्र में एक खेत में मृत मिले हाथी की प्रथमदृष्टया बिजली का करंट लगने से मौत की आशंका के मद्देनजर दो किसानों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि वैसे 29 सितंबर को रेंज की शाह मंसूर बीट में मृत मिले हाथी की मौत की सही वजह का पता लगाने के लिए उसके शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

खानपुर रेंज में ही हाथी की मौत की तीन दिनों में यह दूसरी घटना है। इससे पहले, 26 सितंबर को रेंज की रसूलपुर बीट में भी एक मृत हाथी मिला था। इन दो घटनाओं से वन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

हरिद्वार के प्रभागीय वन अधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि शाह मंसूर बीट में सोमपाल नामक एक किसान के खेत में हाथी का शव मिला जिसके आसपास के खेतों में किसानों ने बिजली के करंट वाले तार लगाए हुए हैं।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा लग रहा है कि हाथी की मौत करंट लगने से हुई।

अनिरूद्ध ने बताया कि बिजली के करंट वाले तारों से घिरे इन खेतों के किसानों– विक्रम और इरफान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इन दोनों ने भी पूछताछ में हाथी की मौत करंट से होने की बात कही है।

हांलांकि, उन्होंने कहा कि हाथी के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है जिससे उसकी मौत की सही वजह पता चल सके।

उन्होंने बताया कि इससे पहले मृत मिले हाथी की मौत के कारणों का अभी तक पता नहीं लग सका है।

उन्होंने बताया कि लेकिन दो हाथियों की मौत के बाद वन विभाग ने खेतों में बिजली के करंट वाले तार लगाने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

अनिरुद्ध ने कहा कि जिन लोगों के खेतों में बिजली के तार लगे पाए जाएंगे, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कारवाई की जाएगी।

भाषा सं दीप्ति राजकुमार

राजकुमार