जम्मू, 22 फरवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर में किश्तवाड़ जिले के एक सुदूर इलाके में रविवार को सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े दो आतंकवादी मारे गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि किश्तवाड़ में चतरू क्षेत्र के पासेरकुट में सुरक्षाबलों ने ‘ऑपरेशन त्राशी-I’ के दौरान दो आतंकवादियों को मार गिराया तथा दो एके-47 राइफलों सहित हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया।
सेना की ‘व्हाइट नाइट कोर’ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि जम्मू कश्मीर पुलिस, खुफिया विभाग और अपने स्वयं के खुफिया स्रोतों से प्राप्त विश्वसनीय सूचनाओं के आधार पर, किश्तवाड़ क्षेत्र में सक्रिय आतंकवादियों का पता लगाने और उन्हें ढेर करने के लिए एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया।
इसने कहा, ‘‘सीआईएफ (काउंटर इंटेलिजेंस फोर्स) डेल्टा, पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों की आज पूर्वाह्न करीब 11 बजे दुर्गम इलाके में आतंकवादियों के साथ फिर से मुठभेड़ शुरू हुई।’’
सेना ने बताया कि जवानों ने दो आतंकवादियों को ढेर कर दिया।
इसने कहा, ‘‘तलाश अभी जारी है- जो लोग शांति भंग करने की कोशिश करेंगे, उन्हें कहीं कोई शरण नहीं मिलेगी।’’
प्रारंभिक जानकारी के हवाले से अधिकारियों ने बताया कि मारे गए दोनों आतंकवादी पाकिस्तानी नागरिक हैं और प्रतिबंधित संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सदस्य हैं।
उन्होंने बताया कि पहाड़ी क्षेत्र में एक मिट्टी के घर के भीतर छिपे आतंकवादियों ने पास आ रहे जवानों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई।
पिछले महीने चतरू वन क्षेत्र में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच लगभग छह मुठभेड़ हुईं, जिनमें एक सैनिक शहीद हो गया और एक आतंकवादी मारा गया।
रविवार को दो आतंकवादियों के मारे जाने के साथ ही, इस साल जम्मू क्षेत्र में अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के कुल छह आतंकवादियों को मार गिराया है।
इससे पहले, उधमपुर में दो और कठुआ जिले में एक आतंकवादी मारा गया था।
भाषा प्रचेता नेत्रपाल
नेत्रपाल