सदर बाजार में 16 वर्षीय लड़के की हत्या के मामले में दो नाबालिग पकड़े गए

सदर बाजार में 16 वर्षीय लड़के की हत्या के मामले में दो नाबालिग पकड़े गए

सदर बाजार में 16 वर्षीय लड़के की हत्या के मामले में दो नाबालिग पकड़े गए
Modified Date: March 24, 2026 / 05:22 pm IST
Published Date: March 24, 2026 5:22 pm IST

नयी दिल्ली, 24 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने सदर बाजार थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय लड़के की चाकू घोंपकर हत्या करने के आरोप में दो नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को स्कूटी सवार तीन नाबालिगों ने पुरानी रंजिश के चलते सदर बाजार की गली गढ़ैया में 16 वर्षीय लड़के की चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी और फिर मौके से फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि पीड़ित की मां की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत सदर बाजार थाने में मामला दर्ज किया गया था।

अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पंकज कुमार ने बताया कि इसके बाद अपराध शाखा (उत्तर क्षेत्र-एक) की एक टीम गठित की गई, जिसने 24 घंटे के अंदर ही दो आरोपियों को पकड़ लिया और उनके पास से जुर्म में शामिल स्कूटी, खून से सने कपड़े और अन्य सामान बरामद कर लिया।

उन्होंने बताया कि एक नाबालिग आरोपी पूर्व में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) से संबंधित अपहरण तथा झपटमारी के मामले में शामिल रहा है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल तीसरे आरोपी को अब तक पकड़ा नहीं जा सका है और उसे ढूंढने के प्रयास जारी हैं।

भाषा नोमान दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में