तमिलनाडु के तिरुवल्लूर में अमोनिया गैस रिसाव से दो लोगों की मौत

तमिलनाडु के तिरुवल्लूर में अमोनिया गैस रिसाव से दो लोगों की मौत

तमिलनाडु के तिरुवल्लूर में अमोनिया गैस रिसाव से दो लोगों की मौत
Modified Date: June 21, 2026 / 09:04 pm IST
Published Date: June 21, 2026 9:04 pm IST

(फोटो के साथ)

तिरुवल्लूर (तमिलनाडु), 21 जून (भाषा) तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में एक निजी फिश मील निर्यात कारखाने की उत्पादन इकाई में अमोनिया गैस रिसाव के कारण दो महिलाओं की मौत हो गई और 62 अन्य लोग प्रभावित हुए। राज्य सरकार ने यह जानकारी दी।

यह घटना पेरियापालयम के निकट कनिगैपेयर गांव में हुई।

सरकारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशक, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव और लोक स्वास्थ्य के अतिरिक्त निदेशक को शामिल करते हुए तीन सदस्यीय समिति गठित करने का निर्देश दिया है तथा 24 घंटे के भीतर अंतरिम रिपोर्ट और तीन दिनों में अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।

इससे पहले पुलिस ने मृतकों की संख्या सात बताई थी, लेकिन मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की एक विज्ञप्ति और स्वास्थ्य मंत्री के. जी. अरुणराज ने बाद में इसे दो बताया।

पत्रकारों से बात करते हुए अरुणराज ने कहा कि इस स्तर के प्रभाव वाला अमोनिया गैस रिसाव पहले कभी नहीं हुआ है।

मंत्री ने कहा, ‘‘चिकित्सकों का कहना है कि हमने कहीं भी इस तरह के इतने उच्च स्तर वाले मामले नहीं देखे हैं।’’

उन्होंने यह भी कहा कि कुछ मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति में गिरावट देखी जा रही है और बताया कि गंभीर स्थिति वाले मरीजों को निजी अस्पतालों से सरकारी अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘एक व्यक्ति को निजी अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था, और दूसरे व्यक्ति की वहां इलाज के दौरान मौत हो गई।’’

मंत्री के अनुसार, 28 मरीज वेल्स मेडिकल कॉलेज में, 18 वेंकटेश्वर अस्पताल में, 10 राजीव गांधी सरकारी अस्पताल (एमएमसी) में और सात सरकारी स्टेनली अस्पताल में भर्ती हैं।

ड्यूटी पर तैनात कुल 64 कर्मी, जिनमें 60 महिलाएं और चार पुरुष शामिल थे, अचानक हुए गैस रिसाव से प्रभावित हुए।

मुख्यमंत्री विजय ने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक को दो.दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि शवों को अंतिम संस्कार के लिए उनके गृह राज्यों में सरकारी खर्च पर भिजवाया जाये।

इस बीच, ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

भाषा

देवेंद्र नरेश

नरेश


लेखक के बारे में