शोपियां जिले में मुठभेड़ में लश्कर के कमांडर सहित दो आतंकवादी ढेर

Ads

शोपियां जिले में मुठभेड़ में लश्कर के कमांडर सहित दो आतंकवादी ढेर

  •  
  • Publish Date - July 19, 2021 / 04:13 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:00 PM IST

श्रीनगर, 19 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष आतंकवादी सहित दो आतंकवादी मारे गए।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने रविवार को दक्षिण कश्मीर के चेक सादिक खान इलाके में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था। आतंकवादियों के सुरक्षा बलों पर गोलियां चलाने से अभियान मुठभेड़ में तब्दील हो गया।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा बल ने भी गोलीबारी का माकूल जवाब दिया, जिसमें दो आतंकवादी मारे गए।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दिलबाग सिंह ने बताया कि एक आतंकवादी की पहचान लश्कर के प्रमुख कमांडर इशफाक डार उर्फ अबू अकरम के तौर पर हुई है। 2017 से पुलिस, सुरक्षा बलों तथा नागरिकों की हत्या सहित कई आतंकवादी घटनाओं में उसकी लिप्तता रही है। दूसरे आतंकवादी की पहचान माजिद इकबाल के तौर पर हुई है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस के शीर्ष अधिकारी ने बताया कि रात-भर चला अभियान अब समाप्त हो चुका है।

वहीं, सेना के एक अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से दो एके राइफल और आठ मैगजीन बरामद हुई है।

भाषा निहारिका मानसी

मानसी