दिल्ली के रानी बाग में मुठभेड़ के बाद दो हत्यारोपी गिरफ्तार

Ads

दिल्ली के रानी बाग में मुठभेड़ के बाद दो हत्यारोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 9, 2026 / 10:21 PM IST,
    Updated On - April 9, 2026 / 10:21 PM IST

नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार को 40 वर्षीय शख्स की चाकू घोंपकर हत्या करने के आरोपी दो लोगों को वारदात के कुछ घंटों के अंदर उत्तर पश्चिम दिल्ली के रानी बाग इलाके में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि उन्हें बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12:30 बजे बीएसए अस्पताल से चाकू के वार से घायल हुए व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत की सूचना मिली। मृतक की पहचान पीतमपुरा गांव निवासी राजू के तौर पर हुई।

उसपर आशियाना अपार्टमेंट के पास एक बस स्टैंड के पास हमला किया गया था जिसके बाद उसके दो दोस्त उसे अस्पताल ले गए थे। हालांकि, इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

रानी बाग थाने में मामला दर्ज किया गया और हमलावरों का पता लगाने के लिए कई टीमें गठित की गईं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए, जबकि जांचकर्ताओं ने आरोपियों की पहचान करने के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

एक अधिकारी ने कहा, ‘जांच के दौरान संदिग्धों की पहचान लाल बाबू उर्फ ​​लालू और कुंदन के रूप में हुई, जो पीतमपुरा के निवासी हैं। इनके साथ दो अन्य लोग भी शामिल थे। पुलिस ने उनकी गतिविधियों पर नज़र रखने के लिए स्थानीय मुखबिरों को भी सक्रिय किया।’

उन्होंने बताया कि एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस टीम ने लाल बाबू और कुंदन को रानी बाग में एपीजे स्कूल के पास एक पानी की टंकी के नज़दीक एक पार्क में छिपा हुआ पाया।

अधिकारी के मुताबिक, जब पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, तो आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों की सरकारी पिस्तौल छीनने की कोशिश की और गोलियां चला दीं।

अधिकारी ने बताया, ‘आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिससे दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी।’ उन्होंने कहा कि इसके बाद उन्हें काबू में कर हिरासत में ले लिया गया।

उन्होंने बताया कि दोनों घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है। दोनों आरोपियों की उम्र लगभग 20 वर्ष है।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों से हत्या में उनकी भूमिका और फरार आरोपियों के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए पूछताछ की जा रही है।

उन्होंने बताया कि मामले में जांच जारी है और पुलिस हत्या के मकसद की पड़ताल कर रही है।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश

ताजा खबर