अमेरिका में मुसलमानों को लेकर भागवत का दावा खोखला : दिल्ली में पत्रकारों पर ‘हमले’ के बाद महबूबा

Ads

अमेरिका में मुसलमानों को लेकर भागवत का दावा खोखला : दिल्ली में पत्रकारों पर ‘हमले’ के बाद महबूबा

  •  
  • Publish Date - September 5, 2026 / 03:43 PM IST,
    Updated On - September 5, 2026 / 03:43 PM IST

श्रीनगर, पांच सितंबर (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक थाने में दो मुस्लिम महिला पत्रकारों पर कथित हमले ने अमेरिका में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत के उस दावे को खोखला साबित कर दिया है, जिसमें उन्होंने विभिन्न धार्मिक समुदायों को भारत का अभिन्न हिस्सा करार दिया था।

महबूबा ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘अमेरिका में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का यह कहना कि मुस्लिम भारत का अभिन्न हिस्सा हैं, दिल्ली के एक पुलिस थाने में दो मुस्लिम महिला पत्रकारों पर कथित हमले के बाद फिर खोखला साबित होता है।’’

जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अब यह मामला केवल कट्टरपंथी तत्वों द्वारा मुसलमानों को निशाना बनाए जाने तक सीमित नहीं रह गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘अब यह केवल उन कट्टरपंथियों की भीड़ हिंसा भर की बात नहीं है, जो गोहत्या के आरोपों को लेकर मुसलमानों की पीट-पीटकर हत्या कर देते हैं। यह उन लोगों के बारे में है जिन्हें नागरिकों की रक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है और जो कथित तौर पर अल्पसंख्यकों को पीटने, अपमानित करने और डराने के लिए अपने अधिकार का दुरुपयोग कर रहे हैं।”

भाषा संतोष अविनाश

अविनाश