कुख्यात गिरोह से जुड़े दो शार्पशूटर गिरफ्तार
कुख्यात गिरोह से जुड़े दो शार्पशूटर गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 25 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने नीरज बवाना-नवीन बाली गिरोह से जुड़े दो कथित शार्पशूटर को गिरफ्तार किया है और उनके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
आरोपियों की पहचान सतेंद्र (28) और तरुण उर्फ तोरी (30) के रूप में हुई है, जिन्हें सोमवार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘गिरोह के सशस्त्र सदस्यों की गतिविधियों के बारे में मिली सूचना के आधार पर, पुलिस की एक टीम ने नरेला औद्योगिक क्षेत्र में दोनों को पकड़ लिया।’
अधिकारी ने बताया कि इस अभियान के दौरान, अधिकारियों ने पांच अवैध आग्नेयास्त्र बरामद किये, जिनमें दो .32 बोर पिस्तौल, 9 मिमी की एक पिस्तौल और दो देसी तमंचे शामिल हैं। उन्होंने बताया कि साथ ही आठ कारतूस भी बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी नीरज बवाना-नवीन बाली गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं और उत्तरी दिल्ली के बाहरी इलाके में कोई बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की कथित तौर पर फिराक में थे।
भाषा नोमान नोमान अमित
अमित

Facebook


