दो पाठ्यपुस्तकें अगस्त तक जारी की जाएंगी, कक्षा 1-9 के लिए बाकी किताबें उपलब्ध : एनसीईआरटी

Ads

दो पाठ्यपुस्तकें अगस्त तक जारी की जाएंगी, कक्षा 1-9 के लिए बाकी किताबें उपलब्ध : एनसीईआरटी

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 03:59 PM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 03:59 PM IST

नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) के अधिकारियों के अनुसार, कक्षा एक से नौ तक के लिए सिर्फ दो किताबों को छोड़कर शेष सभी पाठ्यपुस्तकें अब उपलब्ध हैं। इन पाठ्यपुस्तकों को नये पाठ्यक्रम के अनुरूप तैयार किया गया है।

अधिकारियों ने कहा कि ये शेष दो किताबें जिनमें कक्षा नौ की सामाजिक विज्ञान और गणित की पाठ्यपुस्तकों का भाग-2 शामिल है, अगस्त तक जारी होने की संभावना है।

एनसीईआरटी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘नयी पाठ्यपुस्तकें ‘राष्ट्रीय स्कूली शिक्षा पाठ्यचर्या रूपरेखा (एनसीएफ-एसई) 2023’ के अनुरूप तैयार की गई हैं। कक्षा एक से आठ तक की सभी पाठ्यपुस्तकें अब डिजिटल और मुद्रित, दोनों प्रारूपों में उपलब्ध हैं। कक्षा नौ की भी सभी पाठ्यपुस्तकें जारी कर दी गई हैं, केवल दो को छोड़कर, जो अगस्त तक उपलब्ध हो जाएंगी।’’

यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब शैक्षणिक सत्र शुरू होने के तीन महीने बाद भी सभी नयी पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध नहीं होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

अधिकारी ने कहा, ‘‘कक्षा 10 और 11 की नयी पाठ्यपुस्तकें शैक्षणिक सत्र 2027-28 से लागू की जाएंगी। इसके अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान इन दोनों कक्षाओं के सभी विषयों के लिए मौजूदा पाठ्यपुस्तकों का ही उपयोग जारी रहेगा।’’

एनसीएफ पाठ्यक्रम संबंधी दिशानिर्देशों का एक दस्तावेज है और यह नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) का एक प्रमुख घटक है।

भाषा अमित पवनेश

पवनेश