लातेहार, 11 अक्टूबर (भाषा) झारखंड के लातेहार जिले में शनिवार को जबरन वसूली और सशस्त्र अधिनियम के मामलों में वांछित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
आरोपियों की पहचान पलामू जिले के निवासी अवधेश यादव (26) और लातेहार जिले के उपेंद्र यादव (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से एक देसी पिस्तौल, 8 एमएम की तीन गोलियां, दो बम और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘ हमने राहुल दुबे गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की एक टीम को गुप्त सूचना मिली कि वे चंदवा थाना क्षेत्र के टोरी साइडिंग इलाके में किसी अपराध को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने दोनों अपराधियों को परसाही गांव के दगदगी पुल के पास से गिरफ्तार किया।’’
उन्होंने बताया कि पांच अक्टूबर को टोरी कोल साइडिंग इलाके में हुई गोलीबारी में वे अपने गिरोह के दो अन्य सदस्यों के साथ शामिल थे। इस घटना में एक मजदूर को गोली लगी थी और वह घायल हो गया था। इस संबंध में छह अक्टूबर को चंदवा थाने में मामला दर्ज कराया गया था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अवधेश यादव के खिलाफ लातेहार और पलामू जिले में छह आपराधिक मामले लंबित हैं, जबकि उपेंद्र यादव के खिलाफ दोनों जिलों में नौ मामले दर्ज हैं।
भाषा शोभना माधव
माधव