नोएडा में खड़ी बस से टकराई कार, दो युवकों की मौत

Ads

नोएडा में खड़ी बस से टकराई कार, दो युवकों की मौत

  •  
  • Publish Date - August 29, 2026 / 08:37 PM IST,
    Updated On - August 29, 2026 / 08:37 PM IST

ग्रेटर नोएडा, 29 अगस्त (भाषा) गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा में शनिवार को तेज गति से गुजर रही एक कार के सड़क किनारे खड़ी एक सरकारी बस से टकराने पर दो युवकों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। थाना नॉलेज पार्क के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि अलीगढ़ के टप्पल के रहने वाले धीरज (23), भरत (20) और भानु (17) अपनी कार से किसी काम से ग्रेटर नोएडा आ रहे थे। उन्होंने कहा कि जब वे नॉलेज पार्क मेट्रो स्टेशन के समीप पहुंचे तो ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर खड़ी उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस से कार पीछे से टकरा गई जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार के अंदर फंसे तीनों लोगों को बाहर निकालकर इलाज के लिए नजदीक अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन चिकित्सकों ने धीरज और भरत को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि भानु का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि चालक ने टायर पंचर होने पर उत्तर प्रदेश सड़क परिवहन निगम की बस को को सड़क किनारे खड़ा कर दिया था।

भाषा

संतोष शुभम

संतोष