केरल में यूडीएफ के घटक दलों ने मुख्यमंत्री का फैसला कांग्रेस पर छोड़ा : दीपा दासमुंशी

Ads

केरल में यूडीएफ के घटक दलों ने मुख्यमंत्री का फैसला कांग्रेस पर छोड़ा : दीपा दासमुंशी

  •  
  • Publish Date - May 3, 2026 / 07:08 PM IST,
    Updated On - May 3, 2026 / 07:08 PM IST

तिरुवनंतपुरम, तीन मई (भाषा)अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी)की महासचिव और कांग्रेस में केरल मामलों की प्रभारी दीपा दासमुंशी ने रविवार को कहा कि यूडीएफ के सहयोगियों ने गठबंधन के सत्ता में आने की स्थिति में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का फैसला कांग्रेस पर छोड़ दिया है।

केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए नौ अप्रैल को मतदान हुआ था और नतीजें चार मई को आएंगे।

दासमुंशी ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री पद के मुद्दे पर गठबंधन के सहयोगियों के साथ चर्चा हुई थी और उन्होंने कांग्रेस पार्टी के फैसले का पालन करने की अपनी इच्छा व्यक्त की थी।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने सहयोगी दलों से विचार-विमर्श किया है। सभी घटकों की स्पष्ट राय है कि कांग्रेस जो भी निर्णय लेगी, वे उसी का पालन करेंगे।’’

दासमुंशी ने कहा कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर अटकलें पार्टी के भीतर की तुलना में सोशल मीडिया पर अधिक है।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस और हमारे सहयोगी, सभी जानते हैं कि एक प्रक्रिया है। परिणाम घोषित होने के बाद, पार्टी अपनी निर्धारित प्रक्रिया का पालन करेगी। निर्वाचित विधायकों से परामर्श के बाद आला कमान अंतिम निर्णय लेगा।’’

भाषा धीरज रंजन

रंजन