नयी दिल्ली, 21 अगस्त (भाषा) भारत और बांग्लादेश के बीच प्रधानमंत्री तारिक रहमान की बहुप्रतीक्षित नयी दिल्ली यात्रा को अंतिम रूप देने के लिए परदे के पीछे बातचीत जारी है। इस महीने उनकी दो दिवसीय यात्रा की योजना कुछ विवादित मुद्दों के कारण टल गई थी। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
विदेश मंत्रालय ने इस महीने की शुरुआत में सार्वजनिक रूप से घोषणा की थी कि भारत ने रहमान को द्विपक्षीय यात्रा के साथ-साथ नयी दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के संवाद सत्र में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
पिछले कुछ हफ्तों में ढाका में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने बांग्लादेश के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व के साथ कई दौर की बैठकें कीं। इनमें तारिक रहमान भी शामिल थे। इन बैठकों में दोनों देशों के संबंधों को और आगे बढ़ाने के लिए अनुकूल माहौल बनाने की जरूरत पर जोर दिया गया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने तारिक रहमान की नयी दिल्ली यात्रा के बारे में शुक्रवार को सवाल पर कहा, ‘‘इस मामले पर मेरे पास कहने के लिए कुछ नहीं है। अगर कोई नयी जानकारी होगी तो मैं उसे आपके साथ साझा करूंगा।’’
इससे पहले, राष्ट्रपति भवन ने जारी अपने उस बयान को वापस ले लिया, जिसमें बांग्लादेश के प्रधानमंत्री रहमान के स्वागत समारोह से जुड़ी पूर्ण तैयारियों के लिए शनिवार के ‘चेंज ऑफ गार्ड’ समारोह को रद्द करने की घोषणा की गई थी।
सूत्रों ने बताया कि रहमान के 23 और 24 अगस्त को भारत दौरे की योजना थी, लेकिन कुछ मुद्दों के कारण यह कार्यक्रम आगे नहीं बढ़ सका। उन्होंने बताया कि रहमान की यात्रा को अंतिम रूप देने के लिए बांग्लादेश और भारत के बीच परदे के पीछे बातचीत जारी है।
यात्रा को लेकर अनिश्चितता के बीच त्रिवेदी ने बांग्लादेश के वित्त मंत्री अमीर खुसरू महमूद चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच विकास परियोजनाओं और आपसी हित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
तीन दिन पहले भारत ने कहा था कि वह ढाका के साथ ‘‘आपसी हितों और परस्पर सहयोग’’ पर आधारित ‘‘सकारात्मक और रचनात्मक’’ संबंध चाहता है।
पांच अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना द्वारा नयी दिल्ली में डिजिटल माध्यम से मीडिया से बातचीत के बाद दोनों देशों के संबंधों में एक बार फिर तनाव पैदा हो गया।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप