पुडुचेरी, पांच अप्रैल (भाषा) भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ‘डबल इंजन’ सरकार ने पुडुचेरी को “अराजकता और भ्रष्टाचार” की भूमि से विकास के केंद्र में बदल दिया है, और कहा कि इस क्षेत्र में बेरोजगारी 47 प्रतिशत से घटकर चार प्रतिशत रह गई है।
उन्होंने व्यापार, शिक्षा, आध्यात्मिकता और पर्यटन पर ध्यान केंद्रित करते हुए केंद्र शासित प्रदेश को “रॉकेट की गति” से आगे बढ़ाने का वादा किया।
नवीन ने कहा, “पिछली सरकारों में भ्रष्टाचार चरम पर था, और नौकरियों के लिए भी लोगों को रिश्वत देनी पड़ती थी। महिलाओं की प्रगति की उपेक्षा की गई थी। हालांकि, हमारी दोहरे इंजन वाली सरकार के तहत महत्वपूर्ण बदलाव हो रहे हैं। बेरोजगारी दर, जो कथित तौर पर 47 प्रतिशत तक थी, अब घटकर मात्र चार प्रतिशत रह गई है।”
यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए, नवीन ने भाजपा उम्मीदवार सेल्वम के लिए समर्थन मांगते हुए दावा किया कि पिछली कांग्रेस-द्रमुक सरकारों के तहत व्याप्त भ्रष्टाचार और बेरोजगारी का युग स्थायी रूप से एक पारदर्शी, कल्याणकारी शासन द्वारा प्रतिस्थापित किया गया है।
उन्होंने आगे कहा, “हमारा भाजपा-राजग गठबंधन इन चारों क्षेत्रों में पुडुचेरी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए अथक प्रयास करेगा।”
पिछली कांग्रेस सरकार के वित्तीय रिकॉर्ड की आलोचना करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने “सेंटैक घोटाले” का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि सार्वजनिक धन निजी हाथों में चला गया।
भाषा प्रशांत नरेश
नरेश