केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मोर के बच्चे को पुनर्वास के लिए ‘वाइल्डलाइफ एसओएस’ को सौंपा

Ads

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मोर के बच्चे को पुनर्वास के लिए ‘वाइल्डलाइफ एसओएस’ को सौंपा

  •  
  • Publish Date - July 3, 2026 / 07:40 PM IST,
    Updated On - July 3, 2026 / 07:40 PM IST

नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने आधिकारिक आवास पर मिले मोर के बच्चे को पुनर्वास के लिए ‘वाइल्डलाइफ एसओएस’ को सौंप दिया है। वन्यजीव संगठन ने एक बयान में यह जानकारी दी।

संगठन ने एक बयान में कहा कि नन्हा मोर परिसर में मिलने के बाद मंत्री के आवास पर मौजूद अधिकारियों ने उसकी त्वरित प्रतिक्रिया इकाई से संपर्क किया। बाद में एक बचाव दल मंत्री के आवास पर पहुंचा, जहां चौहान ने स्वयं उस पक्षी को उपचार और देखभाल के लिए टीम को सौंप दिया।

बयान के अनुसार पक्षी को ‘वाइल्डलाइफ एसओएस’ के केंद्र में स्थानांतरित कर दिया गया है और उसका चिकित्सा परीक्षण किया जा रहा है।

इसके अनुसार जब तक वह उपयुक्त प्राकृतिक आवास में छोड़े जाने के लिए पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो जाता, तब तक उसे निगरानी में रखा जाएगा।

संगठन के अनुसार चौहान ने कहा कि देश के वन्यजीव एक साझा धरोहर हैं और हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह संकट में फंसे पक्षियों की रक्षा करे।

उन्होंने ‘वाइल्डलाइफ एसओएस’ के बचाव और पुनर्वास कार्य की भी सराहना की और उम्मीद जताई कि मोर को सुरक्षित रूप से वन्य क्षेत्र में छोड़ दिया जायेगा।

‘वाइल्डलाइफ एसओएस’ के सह-संस्थापक एवं सीईओ कार्तिक सत्यनारायण ने कहा कि मंत्री का यह कदम भारत के राष्ट्रीय पक्षी के प्रति करुणा को दर्शाता है। उन्होंने कहा, ‘‘माननीय मंत्री ने मोर के एक बच्चे की देखभाल करके देशभर के किसानों और नागरिकों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।’’

भाषा

देवेंद्र नरेश

नरेश