उप्र: कानपुर में व्यापारी का सिर कटा शव मिला

Ads

उप्र: कानपुर में व्यापारी का सिर कटा शव मिला

  •  
  • Publish Date - September 22, 2026 / 08:38 PM IST,
    Updated On - September 22, 2026 / 08:38 PM IST

कानपुर, 22 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के कानपुर में मंगलवार को सड़क किनारे 45 वर्षीय एक व्यापारी का सिर कटा शव बरामद किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक का सिर घटनास्थल से करीब 10-12 फुट दूर पानी भरे एक गड्ढे से बरामद किया गया।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान देवहा गांव निवासी राजकिशोर पटवा उर्फ राजू के रूप में हुई है और वह बिल्हौर के वैष्णव नगर में पत्नी और तीन बेटियों के साथ रहते थे।

पुलिस ने बताया कि राजू महिलाओं के सौंदर्य प्रसाधन उत्पादों की बिक्री करते थे।

राजकिशोर की पत्नी मधु ने बताया कि वह मंगलवार सुबह करीब आठ बजे साइकिल से देवहा गांव जाने की बात कहकर घर से निकले थे और करीब एक घंटे बाद मकनपुर रोड पर खुर्द खोजनपुर के पास एक राहगीर ने उनका शव देखा और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने बताया कि मौके पर शव के पास उनका गमछा और साइकिल मिली। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एसएम कासिम अबिदी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शव या चेहरे पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं।

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि किसी धारदार हथियार से सिर काटा गया है हालांकि, घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया और मामले के सभी संभावित पहलुओं की जांच के लिए टीमें गठित की गयी हैं।

भाषा सं राजेंद्र जितेंद्र

जितेंद्र

ताजा खबर