उप्र : एटा में शराब पीने के बाद दो दोस्तों की मौत, एक की हालत गंभीर
उप्र : एटा में शराब पीने के बाद दो दोस्तों की मौत, एक की हालत गंभीर
एटा, 28 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के एटा जिले में अवागढ़ थाना क्षेत्र के मीसा कला गांव में बृहस्पतिवार सुबह शराब पीने के बाद तीन दोस्तों की हालत बिगड़ गई। इलाज के दौरान दो की मौत हो गई, जबकि तीसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
वहीं, परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते शराब में जहर मिलाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मीसा कला निवासी राकेश (45), नरसिंह पाल (59) और रंजीत (35) एक साथ शराब पी रहे थे। कुछ देर बाद ही तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान राकेश और नरसिंह पाल की मौत हो गई, जबकि रंजीत की हालत गंभीर बनी हुई है।
नरसिंह पाल की पत्नी शांति देवी ने आरोप लगाया कि राकेश उनके पति को जबरन शराब पिलाने के लिए ले गया था। वहीं, नरसिंह के बेटे ने शराब में जहर मिलाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
परिजनों के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। उन्होंने बताया कि पहले भी परिवार में एक हत्या हो चुकी है, जिसके मामले में अदालत का फैसला 11 जून को आना है।
राकेश के भाई मुकेश ने बताया कि तीनों बृहस्पतिवार को शराब खरीदकर लाए थे और गांव में बैठकर शराब पी थी। शराब कहां से खरीदी गई, इसकी जानकारी सिर्फ उन्हीं को थी। मुकेश ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर मामले की जानकारी मिल सकती है।
सूचना मिलने पर अवागढ़ थाना प्रभारी अखिलेश दीक्षित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) श्वेताभ पाण्डेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि जांच की जा रही है कि शराब जहरीली थी या उसमें कोई विषैला पदार्थ मिलाया गया था।
उन्होंने बताया कि शराब कहां से खरीदी गई, इसकी भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) ज्ञानेंद्र कुमार ने कहा कि शराब की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दुकान की पहचान की जा सकती है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


