कोटा के अस्पताल में मरीज की मौत के बाद हंगामा, चिकित्सकों पर हमला

Ads

कोटा के अस्पताल में मरीज की मौत के बाद हंगामा, चिकित्सकों पर हमला

  •  
  • Publish Date - July 30, 2026 / 08:25 PM IST,
    Updated On - July 30, 2026 / 08:25 PM IST

कोटा, 30 जुलाई (भाषा) राजस्थान के कोटा में न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (एनएमसीएच) में बृहस्पतिवार को 70 वर्षीय एक मरीज की मौत के बाद हंगामा हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार परिवार ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए चिकित्सकों की कथित तौर पर पिटाई कर दी।

अधिकारियों ने बताया कि चिकित्सकों ने करीब तीन घंटे तक काम का बहिष्कार किया और मारपीट में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने मारपीट करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में मृतक के बेटे शक्ति सिंह (25) को गिरफ्तार कर लिया।

क्षेत्र निरीक्षक हरेन्द्र सिंह ने बताया कि रामपुरा के निवासी अमर सिंह करीब एक सप्ताह से आईसीयू में भर्ती थे और पूर्वाह्न करीब 10 बजे उनकी मौत हो गई।

परिवार ने आरोप लगाया कि बुधवार रात वीआईपी दौरे के कारण सिंह को दूसरे बिस्तर पर लिटाया गया और इसके बाद उनकी देखभाल नहीं की गई।

अस्पताल अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा ने इस आरोप को खारिज कर दिया और कहा कि मरीज की हालत पहले से ही गंभीर थी और बिस्तर बदलना एक सामान्य प्रक्रिया थी, जिसका मरीज की मौत से कोई संबंध नहीं है।

अधिकारी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश