यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा: रविवार को मेट्रो की कई लाइन पर सुबह छह बजे से ट्रेन सेवाएं

यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा: रविवार को मेट्रो की कई लाइन पर सुबह छह बजे से ट्रेन सेवाएं

यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा: रविवार को मेट्रो की कई लाइन पर सुबह छह बजे से ट्रेन सेवाएं
Modified Date: May 21, 2026 / 07:23 pm IST
Published Date: May 21, 2026 7:23 pm IST

नयी दिल्ली, 21 मई (भाषा) दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित की जाने वाली सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए 24 मई को चुनिंदा मार्गों पर मेट्रो सेवाएं सुबह छह बजे से शुरू होंगी।

डीएमआरसी के अनुसार, 24 मई को लाइन 7 (पिंक लाइन), लाइन 8 (मैजेंटा लाइन) और लाइन 9 (ग्रे लाइन) के टर्मिनल स्टेशन से ट्रेन सेवाएं रविवार के सामान्य समय से एक घंटा पहले शुरू हो जाएंगी।

बयान में कहा गया है कि पिंक लाइन मजलिस पार्क और शिव विहार को जोड़ती है, जबकि मैजेंटा लाइन पर मेट्रो कृष्णा पार्क एक्सटेंशन और बॉटनिकल गार्डन के बीच तथा दीपाली चौक और मजलिस पार्क के बीच परिचालित होती है। वहीं, ग्रे लाइन ढांसा बस स्टैंड और द्वारका को जोड़ती है।

इन तीनों लाइन पर रविवार को मेट्रो सेवाएं आमतौर पर सुबह सात बजे शुरू होती हैं। हालांकि, यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा के मद्देनजर ट्रेन सेवाएं सुबह छह बजे शुरू होंगी और सुबह सात बजे तक ट्रेन 15-15 मिनट के अंतराल पर परिचालित होंगी।

डीएमआरसी ने बताया कि इसके बाद, सामान्य समय सारिणी के अनुसार ट्रेन परिचालित होगी।

डीएमआरसी ने कहा कि यह व्यवस्था अभ्यर्थियों की सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए की गई है ताकि वे बिना किसी असुविधा के समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें।

उसने स्पष्ट किया कि अन्य सभी मेट्रो लाइन पर सेवाएं रविवार के नियमित समय के अनुसार सुबह छह बजे या उससे बाद सामान्य रूप से जारी रहेंगी।

भाषा सुमित सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में