नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) की सांसद शाम्भवी चौधरी ने बिहार में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर एके-47 राइफल के इस्तेमाल और देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शनकारी युवाओं पर लाठीचार्ज को सोमवार को गलत बताते हुए कहा, ‘‘हम इसके ख़िलाफ हैं।’’
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सोनम वांगचुक और कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रवक्ताओं ने स्वीकार किया है कि प्रदर्शनों के दौरान असामाजिक तत्व मौजूद थे और ‘‘कानून-व्यवस्था कायम रखी गई।’’
चौधरी ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘लोकतंत्र की खूबसूरती यह है कि आप शांति से अपनी बात रख सकते हैं। शांतिपूर्ण विरोध का हमेशा स्वागत है, और हमारे लोकतंत्र में युवाओं को इसमें शामिल होने और अपनी बात रखने का अधिकार है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जहां कहीं एके-47 का इस्तेमाल हुआ है, वह गलत है और हम इसके ख़िलाफ़ हैं; विभिन्न स्थानों पर छात्रों पर लाठीचार्ज भी गलत है। हालांकि, सोनम वांगचुक और कॉजपा प्रवक्ताओं ने स्वीकार किया है कि कई मौकों पर विरोध प्रदर्शनों के दौरान असामाजिक तत्व मौजूद थे, और वहां कानून-व्यवस्था कायम रखी गई।’’
शनिवार को बिहार के सिवान जिले में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान एक पुलिसकर्मी का एके-47 राइफल का इस्तेमाल करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया।
सीवान के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पूरण कुमार झा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ।
भाषा अविनाश मनीषा
मनीषा