उप्र : संभल में अतिक्रमण विरोधी अभियान में एक मंदिर समेत 10 दुकानों को हटाया

Ads

उप्र : संभल में अतिक्रमण विरोधी अभियान में एक मंदिर समेत 10 दुकानों को हटाया

  •  
  • Publish Date - June 17, 2025 / 08:53 PM IST,
    Updated On - June 17, 2025 / 08:53 PM IST

संभल, 17 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के संभल जिले में बहजोई कस्बे के इस्लाम नगर चौराहे पर प्रशासन ने मंगलवार को अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया और आगरा-मुरादाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित एक मंदिर और 10 दुकानों सहित अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर हटा दिया। एक प्रशासनिक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

मंदिर की मूर्तियों को दूसरे मंदिर में सम्मान के साथ स्थानांतरित किया गया।

चंदौसी के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) विनय कुमार मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त करने के लिए राज्य सरकार के निर्देशों के अनुसार अभियान चलाया गया।

मिश्रा ने कहा, ‘मुख्यमंत्री और प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण हटाया जाना चाहिए और जमीन को सार्वजनिक उपयोग में लाया जाना चाहिए। यह एक महत्वपूर्ण स्थान है – इस्लाम नगर चौराहा। पहले भी कई नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। आज कार्रवाई की गई।’

उन्होंने कहा कि अभियान में स्थायी और अस्थायी संरचनाओं सहित लगभग 10 दुकानों को हटाया गया।

मंदिर के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए मिश्रा ने कहा, ‘हाईवे के किनारे एक छोटा मंदिर और उससे सटा हुआ एक कमरा बनाया गया था। स्थानीय निवासियों के साथ दो साल तक विचार-विमर्श के बाद, इसे दूसरी जगह ले जाने का फैसला किया गया। आज, ढांचे को हटा दिया गया और भगवान की मूर्ति को पूरे सम्मान के साथ क्षमायाचना करते हुए उन्हें दूसरी जगह स्थानांतरित करा नये मंदिर में स्थान दे दिया गया है।

प्रशासन ने कहा कि अभियान में साफ की गई जमीन का इस्तेमाल सरकारी योजनाओं के अनुसार सार्वजनिक उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

भाषा

सं, आनन्द, रवि कांत

रवि कांत