उप्र : महराजगंज में तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत, एक ने तैरकर बचाई जान

Ads

उप्र : महराजगंज में तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत, एक ने तैरकर बचाई जान

  •  
  • Publish Date - August 2, 2026 / 07:13 PM IST,
    Updated On - August 2, 2026 / 07:13 PM IST

महराजगंज, दो अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में रविवार को एक तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चा तैरकर बाहर निकलने में सफल रहा और उसने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना अपराह्न करीब डेढ़ बजे सिसवा नगर पालिका क्षेत्र के मीराबाई नगर स्थित पोखरा टोला में हुई।

पुलिस ने बताया कि चार दोस्त-राजबीर यादव (13), नीतीश यादव (12), रोहन (13) और कृष्णा रौनियार (15)-तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान उनमें से तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

राजबीर किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया और उसने परिजनों तथा स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर बचाव अभियान शुरू किया। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया और उन्हें सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कोठीभार थाने के प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत