उप्र : ट्रक से टकरायी बेकाबू मोटरसाइकिल, दो युवकों की मौत
उप्र : ट्रक से टकरायी बेकाबू मोटरसाइकिल, दो युवकों की मौत
महराजगंज (उप्र) 14 मई (भाषा) महराजगंज जिले में बृहस्पतिवार सुबह बृजमनगंज-कोल्हुई मार्ग के पास एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई जिससे उस पर सवार दो युवकों की मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि महराजगंज के रहने वाले राजेश साहनी (23) और रोहित साहनी (25) बुधवार रात सिद्धार्थनगर जिले में एक बारात में शामिल होने के बाद बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे तभी रास्ते में बृजमनगंज-कोल्हुई मार्ग पर लालपुर गांव के पास उनकी गाड़ी सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकरायी।
उन्होंने बताया कि इस घटना में गम्भीर रूप से घायल दोनों युवकों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिये भेजे हैं। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक अपना वाहन छोड़कर भाग गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
भाषा सं. सलीम मनीषा
मनीषा

Facebook


