भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तराखंड भाजपा कोर कमेटी की बैठक की, चुनावों के लिए जरूरी गुर दिए
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तराखंड भाजपा कोर कमेटी की बैठक की, चुनावों के लिए जरूरी गुर दिए
देहरादून, 28 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तराखंड में अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बृहस्पतिवार को पार्टी पदाधिकारियों का बूथ प्रबंधन को लेकर मार्गदर्शन किया और जरूरी गुर दिए तथा ऐसे बूथों के लिए टीम बनाने को कहा जहां पिछले चुनावों में पार्टी हार गयी थी।
तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास पर पहुंचे नवीन ने प्रदेश भाजपा कोर कमेटी के सदस्यों को सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में दो-दिन प्रवास करने, विधानसभा कोर कमेटी के सदस्यों के साथ चर्चा करने, बूथों पर बैठक करने तथा विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार को सुझाव देने को भी कहा।
प्रदेश भाजपा कोर कमेटी की बैठक के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने संवाददाताओं को यह जानकारी दी ।
भट्ट ने कहा कि पार्टी की चुनाव योजना बूथ आधारित होती है और उसी विषय पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आवश्यक मार्गदर्शन दिया ।
उन्होंने कहा, ‘‘ 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बूथ प्रबंधन को हमें कैसे और बेहतर तथा प्रभावी बनाना हैं, पूरी बैठक विधानसभा में हैट्रिक लगाने की रणनीति पर केंद्रित रही।’’
उन्होंने कहा कि 2024 लोकसभा और उससे पहले 2022 विधानसभा चुनावों में जिन बूथों को पार्टी नहीं जीत पायी, उन्हें लेकर पार्टी अध्यक्ष ने टीम गठित करने को कहा है ।
इसके अलावा, उन्होंने बताया कि प्रदेश कोर कमेटी के सभी 17 सदस्यों का जून, जुलाई और अगस्त में 70 विधानसभा क्षेत्रों में दौरे का कार्यक्रम तय किया जाएगा ।
उन्होंने कहा, ‘‘ एक प्रकार से कार्यकर्ताओं के काम का विभाजन हुआ है।’’
भट्ट ने कहा कि यह भी तय किया गया कि खासतौर पर विपक्ष के नकरात्मक एजेंडे का जवाब देने के लिए रणनीति बनायी जाए।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चुनावी जीत का मंत्र देते हुए कहा कि जनता और कर्मठ कार्यकर्ताओं के दम पर भाजपा जीत की हैट्रिक का इतिहास रचेगी । वर्ष 2017 के बाद 2022 का विधानसभा चुनाव जीतने के बाद भाजपा ने उत्तराखंड में लगातार दूसरी बार सरकार बनायी थी ।
प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पार्टी मामलों के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, केंद्रीय मंत्री एवं अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, नैनीताल सांसद अजय भट्ट, टिहरी सांसद महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह आदि अनेक नेता मौजूद थे।
इसके बाद नवीन ने प्रदेश के मंत्री समूह की भी बैठक की तथा प्रदेश सरकार के कार्यों और केंद्र की योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत जानकारी ली।
इससे पहले, शाम को अपने पहले प्रदेश दौरे पर पहुंचे नवीन का जॉलीग्रांट हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री, भट्ट सहित अनेक नेताओं ने स्वागत किया ।
हवाई अड्डे से पार्टी मुख्यालय तक नवीन का दो दर्जन से अधिक स्थानों पर युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं द्वारा पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस दौरान जगह-जगह पर उन पर पुष्पवर्षा की गई।
तीन दिवसीय प्रवास पर आए नवीन शुक्रवार को पार्टी के कई कार्यक्रमों और बैठकों में हिस्सा लेने के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के देहरादून आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि भी देंगे ।
भाषा दीप्ति शोभना
शोभना

Facebook


