हल्द्वानी, 23 मई (भाषा) उत्तराखंड के नैनीताल जिले में हल्द्वानी के टांडा जंगल क्षेत्र में वन विभाग में संविदा पर कार्यरत एक कर्मचारी की कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार इस घटना का पता शनिवार सुबह चला, जिसके बाद आसपास रहने वाले लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी ने बताया कि मृतक की पहचान 50 वर्षीय मेवा लाल के रूप में हुई है। वह वन विभाग में प्लांटेशन वॉचर के पद पर कार्यरत था। मेवा लाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले का निवासी था और टांडा रेंज में तैनात था।
सैनी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मेवा लाल और उसके साथी तिवारी सिंह के बीच शराब के नशे में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान सिंह ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।
भाषा
सं,दीप्ति रवि कांत