अमृतसर, 18 जून (भाषा) अकाल तख्त जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने बृहस्पतिवार को उत्तराखंड सरकार से श्री हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा के लिए यात्रा करने वाली सिख संगत की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब प्रबंधन न्यास के प्रतिनिधियों से यह भी कहा कि तीर्थ यात्रा के दौरान सिखों को अपनी ‘कृपाण’ पीछे छोड़कर आने की उनकी अपील अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और चेतावनी दी कि उनसे जल्द ही इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
जत्थेदार ने कहा कि गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब प्रबंधन न्यास के प्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है कि वे उत्तराखंड सरकार से संपर्क करें और यह सुनिश्चित करें कि रास्ते में स्थानीय लोग किसी भी सिख श्रद्धालु को परेशान न करें।
हाल ही में कर्णप्रयाग में चार सिख तीर्थयात्रियों के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की घटना के संबंध में गड़गज ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस की कार्रवाई अत्यंत निंदनीय और एकतरफा प्रतीत होती है।
भाषा
शुभम शफीक
शफीक