असम-मेघालय के बीच वाहनों की आवाजाही बहाल हुई: कोनराड संगमा

असम-मेघालय के बीच वाहनों की आवाजाही बहाल हुई: कोनराड संगमा

असम-मेघालय के बीच वाहनों की आवाजाही बहाल हुई: कोनराड संगमा
Modified Date: August 24, 2026 / 07:37 pm IST
Published Date: August 24, 2026 7:37 pm IST

शिलांग, 24 अगस्त (भाषा) मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने सोमवार को कहा कि हाल में राजधानी शिलांग में हुई हिंसा और उसके बाद अंतरराज्यीय सीमा के पास असम के जोरबाट में सड़क बंद किए जाने से उत्पन्न तनाव को कम करने के लिए दोनों सरकारों के संयुक्त प्रयासों के बाद मेघालय और असम के बीच वाहनों की आवाजाही फिर शुरू हो गई है।

उन्होंने कहा कि दोनों राज्य अंतरराज्यीय सीमा पर दैनिक मुद्दों को हल करने के लिए एक समर्पित हॉटलाइन और जिला स्तर की स्थायी व्यवस्था बनाने पर भी सहमत हुए हैं।

दोनों राज्यों के प्रतिनिधिमंडलों के बीच 22 अगस्त को संयुक्त बैठक हुई थी। मेघालय के उपमुख्यमंत्री स्नियावभालांग धर और असम के मंत्री अतुल बोरा ने अपने-अपने प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व किया था।

दोनों राज्यों के मुख्य सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए थे।

संगमा ने विधानसभा को सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए कहा कि बैठक के बाद असम स्थित संगठनों ने जोरबाट में नाकाबंदी आंदोलन वापस ले लिया, जिससे दोनों राज्यों के बीच आवश्यक वस्तुओं की सामान्य आपूर्ति शुरू हो गई।

उन्होंने कहा कि नोंगपोह और कामरूप मेट्रोपॉलिटन के उपायुक्तों तथा समान स्तर के पुलिस अधिकारियों की एक स्थायी जिला स्तरीय समिति बनाई जाएगी, जो अंतरराज्यीय सीमा से जुड़े दैनिक मुद्दों को देखेगी।

उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के परिवहन विभाग के आयुक्त और सचिव स्तर के अधिकारियों तथा पर्यटक टैक्सी संगठनों के प्रतिनिधियों वाली एक संयुक्त समिति भी बनाई जाएगी।

संगमा ने कहा कि यह समिति पर्यटक वाहनों की आवाजाही को सुचारू और व्यवस्थित करने तथा असम और मेघालय के साझा पर्यटन हितों की रक्षा करने में मदद करेगी।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश


लेखक के बारे में