आलाकमान का फैसला स्वीकार्य, नई सरकार को पूरा समर्थन देंगे: वेणुगोपाल

Ads

आलाकमान का फैसला स्वीकार्य, नई सरकार को पूरा समर्थन देंगे: वेणुगोपाल

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 02:04 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 02:04 PM IST

नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि केरल के मुख्यमंत्री के तौर पर वी डी सतीशन के चयन का फैसला सभी को स्वीकार्य है और वह नई सरकार को अपना पूरा समर्थन देंगे।

मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में शामिल रहे वेणुगोपाल ने सतीशन को बधाई दी।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि उन्होंने शुरू से ही यह स्पष्ट कर दिया था कि वह कांग्रेस के फैसले को स्वीकार करेंगे, चाहे वह कुछ भी हो क्योंकि पार्टी ही उनके लिए सब कुछ है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं विनम्रतापूर्वक पार्टी आलाकमान के फैसले को स्वीकार करता हूं और इसके कार्यान्वयन के लिए काम करूंगा। मैं एक वफादार कांग्रेसी हूं। मेरे लिए पार्टी ही सब कुछ है। मैं पार्टी की कीमत पर अपनी छवि नहीं बढ़ाना चाहता। मैं अंतिम सांस भी पार्टी के झंडे में लिपटे हुए लेना चाहता हूं। केरल में सरकार को पूरा समर्थन दूंगा।’’

उन्होंने इस सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया कि क्या केरल का मुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने की एवज में पार्टी ने उनसे कोई वादा किया है।

वेणुगोपाल ने यह भी कहा कि पार्टी नेतृत्व ने कई कारकों के आधार पर और सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद निर्णय लिया।

उनका कहना था कि वह खुद पर किसी के निजी हमले से नहीं डरते।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस आलाकमान के फैसले के बाद पार्टी में किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी।

कांग्रेस महासचिव ने इस सवाल का भी जवाब नहीं दिया कि क्या मुख्यमंत्री के मुद्दे पर सहयोगी दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) की ओर से कोई दबाव था।

केरल के मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस आलाकमान ने पार्टी के शीर्ष और प्रदेश इकाई के नेताओं के साथ लंबी मंत्रणा के बाद आज सतीशन के नाम पर मुहर लगा दी।

सतीशन के अलावा वेणुगोपाल और वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों में शामिल थे।

भाषा हक हक मनीषा

मनीषा