इटावा, 14 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के इटावा सफारी पार्क समिति की कार्यकारिणी इकाई ने उद्यान के विस्तार और मूलभूत ढांचे से जुड़ी कई परियोजनाओं को मंजूरी दी। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
प्रदेश के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की प्रमुख सचिव वी. हेकाली झिमोमी की अध्यक्षता में 12 मई को लखनऊ में हुई इटावा सफारी पार्क समिति की कार्यकारिणी इकाई की 19वीं बैठक में लिये गये फैसलों में तेंदुआ घर का निर्माण, पर्यटकों के लिये दो वातानुकूलित बसें खरीदना और पार्क के बेहतर प्रचार के लिये एक्सप्रेसवे और प्रमुख सड़कों पर साइनबोर्ड लगाना शामिल है।
सफारी पार्क के निदेशक और कार्यकारिणी इकाई के सदस्य सचिव डॉ. अनिल कुमार पटेल ने बताया कि गत वित्तीय वर्ष में उद्यान में कराये गये कार्यो एवं उपलब्धियों के संबंध मे प्रस्तुति करण के साथ ही सफारी पार्क की ‘कॉफी टेबल बुक’ द्वितीय संस्करण का विमोचन किया गया और चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिये एजेंडा को सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
उन्होंने बताया कि बैठक में एक अतिरिक्त तेंदुआ घर का निर्माण कराने, पर्यटकों के लिये दो वातानुकूलित बसें खरीदनें और ‘ब्रीडिंग सेंटर’ को लायन सफारी से जोड़ने के लिये ‘चैनलिंक टनल’ के निर्माण के लिये मंजूरी दी गयी।
पटेल ने बताया कि प्रमुख सचिव झिमोमी ने सफारी पार्क के वृहद प्रचार—प्रसार के लिये एक्सप्रेसवे और अन्य मुख्य मार्गों पर साइनेज बोर्ड लगवाने के निर्देश भी दिये हैं।
इस बीच, इटावा सफारी पार्क में अगस्त 2022 में जन्मे ‘विश्वा’ नाम के बब्बर शेर के पिछले करीब जो सप्ताह से आंखों में सूजन एवं बुखार से ग्रस्त होने की खबर है।
सफारी के उप निदेशक विनय कुमार सिंह ने बताया कि ‘विश्वा’ की आंखो में सूजन और बुखार के लक्षण दिखाई देने पर सफारी पार्क के वन्यजीव चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार एवं निरंतर देखरेख की जा रही है।
उन्होंने बताया कि बीमार बब्बर शेर नियमित रूप से अपना आहार एवं पानी ग्रहण नहीं कर रहा है।
सिंह ने बताया कि शेर के खून के नमूनों की जांच बरेली स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान से भी करायी जा रही है।
भाषा सं. सलीम मनीषा जितेंद्र
जितेंद्र