नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. सी. वेणुगोपाल को बृहस्पतिवार को वर्ष 2026-27 के लिए संसद की लोक लेखा समिति (पीएसी) का फिर से अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जबकि भाजपा सांसद बैजयंत पांडा सार्वजनिक उपक्रम संबंधी समिति का नेतृत्व करेंगे।
आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता फग्गन सिंह कुलस्ते को 1 मई, 2026 से शुरू होने वाले और 30 अप्रैल, 2027 को समाप्त होने वाले कार्यकाल के लिए अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के कल्याण संबंधित समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
बिरला ने भाजपा नेता संजय जयसवाल को लोकसभा की प्राक्कलन समिति (2026-27) का अध्यक्ष भी नियुक्त किया है।
अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘अध्यक्ष ने के सी वेणुगोपाल को लोक लेखा समिति (2026-27) का अध्यक्ष नियुक्त किया है।’’
एक मई, 2026 से शुरू होने वाले और 30 अप्रैल, 2027 को समाप्त होने वाले कार्यकाल के लिए लोक लेखा समिति के अन्य सदस्यों में द्रमुक के टीआर बालू, टीएमसी के कल्याण बनर्जी भाजपा के निशिकांत दुबे, जगदंबिका पाल, रविशंकर प्रसाद, सीएम रमेश, अपराजिता सारंगी, तेजस्वी सूर्या, अनुराग सिंह ठाकुर, कांग्रेस के जय प्रकाश, अमर सिंह शामिल हैं।
समिति में शामिल राज्यसभा सदस्यों में भाजपा के अशोक चव्हाण, के लक्ष्मण और सुधांशु त्रिवेदी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सांसद प्रफुल्ल पटेल, तृणमूल कांग्रेस के सांसद सुखेंदु शेखर और कांग्रेस के अखिलेश प्रसाद सिंह शामिल हैं।
सार्वजनिक उपक्रम संबंधी समिति के सदस्यों में राज्यसभा से जॉन ब्रिटास, मिलिंद देवड़ा, सैयद नासिर हुसैन, संजय कुमार झा, सुरेंद्र सिंह नागर, देबाशीष सामंतराय और अरुण सिंह शामिल हैं, जबकि लोकसभा से तारिक अनवर, सीपी जोशी, कनिमोझी करुणानिधि, कौशलेंद्र कुमार, शंकर लालवानी, पूनमबेन मदाम, बैजयंत पांडा, बीवाई राघवेंद्र और राजीव राय शामिल हैं।
भाषा हक हक नरेश
नरेश