बंगाल: वेणुगोपाल कांग्रेस की भविष्य की रणनीति तय करने के लिए कोलकाता में दो दिवसीय बैठक करेंगे

Ads

बंगाल: वेणुगोपाल कांग्रेस की भविष्य की रणनीति तय करने के लिए कोलकाता में दो दिवसीय बैठक करेंगे

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 04:59 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 04:59 PM IST

कोलकाता, 29 जून (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. सी. वेणुगोपाल सोमवार से कोलकाता में पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के नेताओं के साथ दो दिवसीय बैठक करेंगे। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी।

इन बैठकों में विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में बदले राजनीतिक हालात के बीच पार्टी की भावी रणनीति पर चर्चा होगी।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस के महासचिव (संगठन) वेणुगोपाल सोमवार को पार्टी के जिला अध्यक्षों से मुलाकात करेंगे और मंगलवार को वह प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं व विधानसभा चुनाव लड़ चुके उम्मीदवारों के साथ बैठक करेंगे।

नेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “विधानसभा चुनाव के बाद बंगाल की राजनीतिक स्थिति बदल गई है। पार्टी नेतृत्व भविष्य की रणनीति तय करने से पहले जिला अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं की राय सीधे सुनना चाहता है।”

उन्होंने कहा कि वेणुगोपाल राज्य में पार्टी की संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा करेंगे और विभिन्न स्तरों के नेताओं से उनकी राय लेंगे।

नेता ने कहा कि इसके बाद वह अपनी रिपोर्ट कांग्रेस आलाकमान को सौंपेंगे।

उन्होंने कहा, “वेणुगोपाल के पश्चिम बंगाल में पार्टी की आगे की कार्ययोजना पेश करने और आने वाले महीनों के लिए संगठन की प्राथमिकताओं पर चर्चा करने की उम्मीद है।”

पार्टी की राज्य इकाई के एक नेता ने कहा कि चर्चा के दौरान पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के रिश्तों पर भी बात हो सकती है जबकि राष्ट्रीय स्तर पर दोनों दल विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा हैं।

एक वरिष्ठ नेता ने कहा, “बैठकों में संगठन के विस्तार, जिला इकाइयों को मजबूत बनाने और भविष्य के राजनीतिक कार्यक्रमों की तैयारी पर चर्चा होगी। साथ ही पार्टी नेतृत्व पूरे राज्य में जमीनी स्थिति का भी जायजा लेगा।”

भाषा जितेंद्र संतोष

संतोष