(तस्वीरों के साथ)
लेह/जम्मू, 19 जून (भाषा) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख पहुंचे। वह यहां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में हिस्सा लेंगे।
उपराष्ट्रपति का कुशोक बकुला रिनपोछे हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद (एलएएचडीसी) कारगिल के मुख्य कार्यकारी पार्षद डॉ. मोहम्मद जाफर अखून, लद्दाख से लोकसभा सांसद मोहम्मद हनीफा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
उपराष्ट्रपति का स्वागत करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि योग दिवस समारोह से पहले केंद्र शासित प्रदेश में उनका स्वागत करना उनके लिए सम्मान और प्रसन्नता की बात है।
सक्सेना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ माननीय उपराष्ट्रपति की अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 से पहले उपस्थिति अत्यंत प्रेरणादायक है। योग की शाश्वत परंपरा के उत्सव की तैयारी के बीच उनका मार्गदर्शन और नेतृत्व हमें अधिक स्वस्थ, संतुलित और सामंजस्यपूर्ण जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।’’
अधिकारियों ने बताया कि उपराष्ट्रपति 21 जून तक लद्दाख में रहेंगे और इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
वह शनिवार को लुकुंग गांव जाएंगे, जहां वे स्वयं सहायता समूहों के साथ संवाद करेंगे और ‘वाइब्रेंट विलेजेज’ कार्यक्रम के तहत सीमा क्षेत्र में जारी विकासात्मक पहलों की समीक्षा करेंगे। वह युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे।
उपराष्ट्रपति 21 जून को लेह में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में शामिल होंगे, जिसमें युवाओं, सुरक्षा बलों के जवानों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है।
उपराष्ट्रपति का पदभार संभालने के बाद राधाकृष्णन का लद्दाख का पहला यह आधिकारिक दौरा है।
भाषा मनीषा निहारिका
निहारिका