(तस्वीर के साथ)
तिरुवनंतपुरम, 31 मार्च (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने एफसीआरए संशोधन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार की मंगलवार को आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि इस विधेयक ने समाज के एक वर्ग में असुरक्षा की भावना उत्पन्न कर दी है।
तिरुवनंतपुरम में संवाददाताओं से मुखातिब विजयन ने कहा कि विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम (एफसीआरए) में संशोधन एक गंभीर मुद्दा है, जिसने देशभर में अल्पसंख्यक समुदायों के बीच गहरी चिंता उत्पन्न कर दी है।
विजयन ने एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर एफसीआरए संशोधन विधेयक के प्रावधानों को वापस लेने के लिए हस्तक्षेप करने की मांग की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “इससे समाज के एक वर्ग में असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो गई है। ऐसे में सरकार की ओर से उनकी चिंताओं को दूर करने के लिए उचित कदम उठाए जाने चाहिए। लेकिन केंद्र सरकार की ओर से ऐसा नहीं किया जा रहा है।”
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के कदमों से समाज के कुछ वर्गों में उत्पन्न हो रही बेचैनी और असुरक्षा की भावना देश के लिए अच्छी नहीं है।
विजयन ने कहा कि केंद्र सरकार को ऐसा रुख नहीं अपनाना चाहिए, जिससे समाज का कोई विशेष वर्ग अलग-थलग पड़ जाए।
मुख्यमंत्री ने एफसीआरए संशोधन के मुद्दे को लेकर कांग्रेस की भी आलोचना की। उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस ने इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट किया है।
विजयन ने कांग्रेस पर “अपना पुराना नरम हिंदुत्व का रुख बरकरार रखने” का भी आरोप लगाया।
भाषा पारुल पवनेश
पवनेश