बीड में मामूली सड़क हादसे के बाद गांव में भड़की हिंसा, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

Ads

बीड में मामूली सड़क हादसे के बाद गांव में भड़की हिंसा, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 10:11 PM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 10:11 PM IST

बीड, 26 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले के नेकनूर गांव में एक ऑटो-रिक्शा और मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर के बाद हिंसा भड़क उठी, जिसमें दो समुदायों के सदस्यों ने एक-दूसरे पर पथराव किया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह मामूली सड़क दुर्घटना शनिवार रात राजमार्ग पर बस स्टैंड के पास हुई थी। हादसे के बाद कुछ पुरुषों ने कथित तौर पर रिक्शा चालक रंजीत लोखंडे की पिटाई कर दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना के समय लोखंडे की बहन, उसके बच्चे, उनकी मां और अन्य एक महिला रिक्शा में सवार थे। जब उसकी बहन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उसके साथ भी कथित तौर पर गाली-गलौज और हाथापाई की गई।

शिकायत के आधार पर नेकनूर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस बीच, घटना के कारण गांव में तनाव फैल गया, जो बाद में दो समूहों के बीच पथराव में बदल गया।

पुलिस ने बताया कि भीड़ ने निषेधाज्ञा का उल्लंघन किया और रात करीब नौ बजे एक-दूसरे पर पत्थरों से हमला किया।

विवाद बढ़ने पर प्रशासन ने नेकनूर के प्रसिद्ध साप्ताहिक बाजार को बंद करने का निर्णय लिया, जिसे मराठवाड़ा क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में से एक माना जाता है।

पुलिस ने हिंसा में शामिल होने के आरोप में 31 पहचान किए गए लोगों और 15 से 20 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं।

भाषा सुमित दिलीप

दिलीप