सिगरेट पीने को लेकर दो गुटों में हिसंक झड़प, व्यक्ति को लगी गोली

सिगरेट पीने को लेकर दो गुटों में हिसंक झड़प, व्यक्ति को लगी गोली

सिगरेट पीने को लेकर दो गुटों में हिसंक झड़प, व्यक्ति को लगी गोली
Modified Date: May 7, 2026 / 09:18 pm IST
Published Date: May 7, 2026 9:18 pm IST

नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) मध्य दिल्ली के पटेल नगर इलाके में कथित तौर पर सिगरेट पीने को लेकर दो गुटों में हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति को गोली लग गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना बुधवार रात प्रेम नगर में दो स्थानीय लोगों के बीच हुई बहस के हिंसक रूप लेने के बाद घटी।

पुलिस के अनुसार, इलाके से झगड़े और गोलीबारी को लेकर पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को सूचना दी गई जिसके बाद पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं।

जांच के दौरान पता चला कि मुकेश अपने दोस्त शिव कुमार के साथ खाना खा रहा था, तभी उसी इलाके में रहने वाले एक अन्य समूह का सदस्य दीपक पास में ही सिगरेट पी रहा था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुकेश ने दीपक के पास में सिगरेट पीने पर आपत्ति जताई, जिसके चलते दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।

उन्होंने बताया, ‘इसके तुरंत बाद, दोनों पक्षों ने अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को बुलाया और दोनों समूहों से लगभग चार-पांच लोग मौके पर जमा हो गए। बहस बाद में हिंसक झड़प में बदल गई जिस दौरान एक गोली भी चली।’

मुकेश के रिश्तेदार हर्ष को पैर में गोली लगी, जबकि दीपक और उसके दोस्त अंगद झड़प में घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया और वे खतरे से बाहर हैं।

पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ शिकायतें दी है जिनपर प्राथमिकियां दर्ज की जा रही हैं।

अधिकारी ने बताया कि गोली किसने चलाई, इसका पता लगाने और पिस्तौल बरामद करने के प्रयास जारी हैं।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में