ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने का वांछित आरोपी गिरफ्तार

ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने का वांछित आरोपी गिरफ्तार

ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने का वांछित आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: April 24, 2026 / 11:25 am IST
Published Date: April 24, 2026 11:25 am IST

नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने गुरुग्राम की एक महिला को ब्लैकमेल कर उससे पैसे ऐंठने के मामले में वांछित मुख्य आरोपी को राष्ट्रीय राजधानी से गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी ने आपत्तिजनक वीडियो का डर दिखाकर पीड़िता से 18 लाख रुपये की मांग की थी।

एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश शर्मा के रूप में हुई है और उसे यहां पटियाला हाउस अदालत के पास से बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने पीड़िता से तीन लाख रुपये वसूल लिए थे और 15 लाख रुपये और मांग रहा था।

अधिकारी के अनुसार, इस मामले में उसकी पत्नी नीतू शर्मा को गुरुग्राम पुलिस ने पहले ही पैसे लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया था, जबकि राकेश फरार था।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि कोविड काल में उसने आरोपी राकेश शर्मा द्वारा संचालित योग कक्षाओं में भाग लिया था। उसका आरोप है कि इस दौरान, आरोपी ने उसके साथ घनिष्ठ संबंध विकसित किए और फिर शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता का आरोप है कि शर्मा ने उनके निजी पलों का वीडियो गुपचुप तरीके से रिकॉर्ड किया और उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा में उपायुक्त (डीपीसी) आदित्य गौतम ने एक बयान में बताया कि आरोपी ने पैसे लेने के बावजूद वीडियो डिलीट नहीं किए और मार्च 2026 में पीड़िता के पति को आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भेजकर 15 लाख रुपये मांगे।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी का आपराधिक इतिहास है और वह उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद में हत्या के एक मामले में भी शामिल था, जिसमें वह आठ-नौ साल जेल में रहा था।

अधिकारी ने बताया कि 2018 में जमानत मिलने के बाद उसने योग क्लास शुरू की थी।

दिल्ली पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना गुरुग्राम पुलिस को दे दी है और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

भाषा नोमान तान्या शोभना

शोभना


लेखक के बारे में