जम्मू में वांछित अपराधी गिरफ्तार, हेरोइन और पिस्तौल बरामद

Ads

जम्मू में वांछित अपराधी गिरफ्तार, हेरोइन और पिस्तौल बरामद

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 09:34 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 09:34 PM IST

जम्मू, 12 मई (भाषा) पुलिस ने मंगलवार को एक वांछित अपराधी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से हेरोइन जैसा पदार्थ, एक अवैध पिस्तौल और कारतूस बरामद किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

नरवाल-पनामा चौक मार्ग पर रेलवे पुल नरवाल के पास जांच चौकी पर पुलिस की टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका।

पुलिस ने बताया कि जब संदिग्ध ने पुलिस दल को देखा और जांच से बचने की कोशिश की, तो अधिकारियों ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान, पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति के कब्जे से तीन कारतूसों से भरी एक पिस्तौल और लगभग 266.35 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद किया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी अवनीत सिंह उर्फ ​​नागी जम्मू के आरएस पुरा क्षेत्र के सुंदरपुर का निवासी है। आरोपी प्रतिबंधित सामग्री और अवैध हथियार रखने के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने में विफल रहा।

बहू फोर्ट पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि सिंह स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, शस्त्र अधिनियम और अन्य जघन्य अपराधों से संबंधित 17 आपराधिक मामलों में संलिप्त है। यह मामले आरएस पुरा, घरोटा, मीरान साहिब, सतवारी, रामगढ़ और पठानकोट के दीनानगर सहित विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि मीरान साहिब में पहले लगाए गए विशेष नाके के दौरान, उसका एक साथी, जानू भागने की कोशिश में घायल हो गया था।

भाषा

राखी दिलीप

दिलीप