नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली के जहांगीर पुरी में सक्रिय शेख फिरोज उर्फ सैफुल उर्फ ढींगरा गिरोह से कथित तौर पर जुड़े 29 वर्षीय एक वांछित अपराधी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान जहांगीर पुरी निवासी जावेद उर्फ कल्लू दादा के रूप में हुई है और वह इलाके में सशस्त्र हमले से संबंधित आरोपों के तहत दर्ज एक मामले में वांछित था।
अधिकारी ने बताया कि जावेद का आपराधिक रिकॉर्ड है और वह पहले भी लूट-हत्या और हत्या के प्रयास के मामलों में शामिल रहा है। उन्होंने बताया कि जहांगीर पुरी थाने में 2015 में दर्ज लूट-हत्या के एक मामले में उसे दोषी ठहराया गया था और 10 साल की कैद की सजा सुनाई गई थी।
वह ढींगरा गिरोह का एक सक्रिय सदस्य है और हालिया मामले में काफी समय से गिरफ्तारी से बचता आ रहा था।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को 10 मार्च को जहांगीर पुरी से गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान जावेद ने कथित तौर पर मामले में अपनी संलिप्तता और गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने बताया कि उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की गई, जिससे कई गंभीर अपराधों में उसकी संलिप्तता की पुष्टि हुई है और जांच जारी है।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप