पश्चिम बंगाल में 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित, 86.83 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण

Ads

पश्चिम बंगाल में 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित, 86.83 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण

  •  
  • Publish Date - May 8, 2026 / 11:52 AM IST,
    Updated On - May 8, 2026 / 11:52 AM IST

कोलकाता, आठ मई (भाषा) पश्चिम बंगाल में 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा के परिणाम शुक्रवार को घोषित किए गए, जिसमें कुल 9.71 लाख परीक्षार्थियों में से 86.83 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल हुए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष रामानुज गांगुली ने कहा कि पिछले वर्ष की माध्यमिक परीक्षा में 9.84 लाख विद्यार्थियों में से 86.56 प्रतिशत सफल घोषित किए गए थे।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष की परीक्षा दो फरवरी से 12 फरवरी तक राज्यभर के 2,600 से अधिक केंद्रों पर आयोजित की गई थी।

उत्तर दिनाजपुर जिले में शारदा विद्यामंदिर के अभिरूप भद्र ने परीक्षा में 700 में से 698 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया है। बीरभूम में सरोजिनीदेवी सरस्वती शिशु मंदिर के प्रियतोष मुखापोध्याय ने 696 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया। तीसरा स्थान तीन विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया।

शीर्ष 10 रैंक में कुल 131 विद्यार्थियों ने जगह बनाई, जिनमें 28 लड़कियां शामिल हैं।

कलिम्पोंग ने 95.01 प्रतिशत के साथ सबसे अधिक उत्तीर्ण प्रतिशत दर्ज किया, जबकि पूर्व मेदिनीपुर 94.02 प्रतिशत और कोलकाता 92.31 प्रतिशत के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

भाषा गोला रंजन

रंजन