बंगाल सरकार ने सरकारी स्कूलों की गर्मियों की छुट्टियों को 31 मई तक बढाया
बंगाल सरकार ने सरकारी स्कूलों की गर्मियों की छुट्टियों को 31 मई तक बढाया
कोलकाता, 13 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार ने भीषण गर्मी की स्थिति को देखते हुए बुधवार को राज्य भर के सभी सरकारी स्कूलों में जारी गर्मियों की छुट्टियों को 31 मई तक बढ़ा दिया है। शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
यह निर्णय स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा लिया गया है और यह प्राथमिक, माध्यमिक तथा उच्च माध्यमिक संस्थानों पर लागू होगा। हालांकि यह पर्वतीय क्षेत्रों में स्थित स्कूलों पर लागू नहीं होगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 11 मई से शुरू हुई गर्मियों की छुट्टियां अब कुल 21 दिनों तक रहेंगी और स्कूल एक जून को फिर से खुलेंगे।
अधिकारियों ने कहा कि इस कदम से पहले के शैक्षणिक कैलेंडर में बदलाव किया गया है, जिसमें गर्मियों की छुट्टियों को काफी छोटा करने का प्रस्ताव था, लेकिन कई जिलों में तापमान में अचानक वृद्धि के बाद इसमें बदलाव किया गया।
अधिकारी ने कहा कि छुट्टियां आगे बढ़ाने का उद्देश्य खराब मौसम की स्थिति में छात्रों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करना है।
यह आदेश सभी सरकारी और सरकार द्वारा समर्थित संस्थानों पर बाध्यकारी है, निजी स्कूल अलग कार्यक्रम का पालन कर सकते हैं।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


